By Vaishnav, For Vaishnav

Monday, 31 July 2023

व्रज -अधिक श्रावण शुक्ल पूर्णिमा(चतुर्दशी क्षय)

व्रज -अधिक श्रावण शुक्ल पूर्णिमा(चतुर्दशी क्षय)
Tuesday, 01 August 2023

आज के मनोरथ-

छप्पनभोग मनोरथ (बड़ा मनोरथ)

शाम को रास में नाचत लाल बिहारी

छप्पनभोग मनोरथ (बड़ा मनोरथ)

अधिक मास के मनोरथों की श्रृंखला में आज श्रीजी में किन्हीं वैष्णव द्वारा आयोजित छप्पनभोग का मनोरथ होगा.

मणिकोठा, डोल-तिबारी, रतनचौक आदि में छप्पनभोग के भोग साजे जाते हैं अतः श्रीजी में मंगला के पश्चात सीधे राजभोग अथवा छप्पनभोग (भोग सरे पश्चात) के दर्शन ही खुलते हैं.
श्रीजी को गोपीवल्लभ (ग्वाल) भोग में विशेष रूप से दूधघर में सिद्ध की गयी केसर युक्त बासोंदी की हांडी व शाकघर में सिद्ध चार विविध प्रकार के फलों के मीठा अरोगाये जाते हैं.
राजभोग की अनसखड़ी में दाख (किशमिश) का रायता एवं सखड़ी में मीठी सेव, केसरयुक्त पेठा व पाँच-भात (मेवा-भात, दही-भात, राई-भात, श्रीखंड-भात, वड़ी-भात) अरोगाये जाते हैं. 

छप्पनभोग दर्शन में प्रभु सम्मुख 25 बीड़ा सिकोरी (सोने का जालीदार पात्र) में रखे जाते है.

राजभोग दर्शन – 

कीर्तन – (राग : सारंग)

मदन गोपाल गोवर्धन पूजत l
बाजत ताल मृदंग शंखध्वनि मधुर मधुर मुरली कल कूजत ll 1 ll
कुंकुम तिलक लिलाट दिये नव वसन साज आई गोपीजन l
आसपास सुन्दरी कनक तन मध्य गोपाल बने मरकत मन ll 2 ll
आनंद मगन ग्वाल सब डोलत ही ही घुमरि धौरी बुलावत l
राते पीरे बने टिपारे मोहन अपनी धेनु खिलावत ll 3 ll
छिरकत हरद दूध दधि अक्षत देत असीस सकल लागत पग l
‘कुंभनदास’ प्रभु गोवर्धनधर गोकुल करो पिय राज अखिल युग ll 4 ll

साज – आज श्रीजी में रास रमती चार गोपियों के चित्रांकन की सुन्दर पिछवाई धरायी जाती है. गादी, तकिया एवं चरणचौकी पर सफ़ेद बिछावट की जाती है.

वस्त्र – श्रीजी को आज हल्के गुलाबी मलमल का सूथन, काछनी, रास-पटका धराये जाते हैं. सभी वस्त्र रुपहली ज़री की तुईलैस की किनारी से सुसज्जित होते हैं. ठाड़े वस्त्र सफेद जामदानी (चिकन) के धराये जाते हैं.

श्रृंगार - श्रीजी को आज वनमाला (चरणारविन्द तक) का भारी श्रृंगार धराया जाता है. हीरा मोती के सर्व आभरण धराये जाते हैं. श्रीमस्तक पर हीरा का मुकुट एवं बायीं ओर शीशफूल धराया जाता है. श्रीकर्ण में हीरा के मयूराकृति कुंडल धराये जाते हैं. 
बायीं ओर हीरा की शिखा (चोटी) धरायी जाती है. 
श्रीकंठ में कली, कस्तूरी व कमल माला धरायी जाती है. श्वेत एवं गुलाबी पुष्पों की विविध पुष्पों की थागवाली दो सुन्दर मालाजी धरायी जाती है. श्रीहस्त में पुष्पछड़ी, चाँदी के वेणुजी एवं दो वेत्र धराये जाते हैं.
पट गुलाबी व गोटी नाचते मोर की आती है.

Sunday, 30 July 2023

व्रज -अधिक श्रावण शुक्ल त्रयोदशी

व्रज -अधिक श्रावण शुक्ल त्रयोदशी
Monday, 31 July 2023

भोपालशाही लहरियाँ का पिछोड़ा एवं श्रीमस्तक पर दुमाला पर कल्गा (भीमसेनी क़तरा) के श्रृंगार

आज के मनोरथ-

राजभोग में फल फूल का बंगला

शाम को द्वादश निकुंज, यह बड़भागी मोर देखो माई

राजभोग दर्शन – 

कीर्तन – (राग : सारंग)

यहां अब काहेको दान देख्यो न सुन्यो कहुं कान ।
एैसे ओट पाऊठि आओ मोहन जु दूध दहीं लीयो चाहे मेरे जान ।।१।।
खिरक दुहाय गोरस लिये जात अपने भवन तापर एैसी ठानी आनकी आन ।
गोविंद प्रभुको कहेत व्रजसुंदरी चलो रानी जसोदा आगे नातर सुधे देहो जान ।।२।।

साज – श्रीजी में आज भोपालशाही लहरियाँ की पिछवाई धरायी जाती है. गादी और तकिया के ऊपर सफेद बिछावट की जाती है. स्वर्ण की रत्नजड़ित चरणचौकी के ऊपर हरी मखमल मढ़ी हुई होती है.

वस्त्र – श्रीजी को आज भोपालशाही लहरियाँ का पिछोड़ा धराया जाता है. ठाड़े वस्त्र लाल रंग के होते हैं.

श्रृंगार – आज प्रभु को मध्य का (घुटनों तक) श्रृंगार धराया जाता है. हरे मीना के आभरण धराये जाते हैं. 
श्रीमस्तक पर भोपालशाही लहरियाँ के दुमाला के ऊपर सिरपैंच, कल्गा (भीमसेनी कतरा) एवं बायीं ओर शीशफूल धराये जाते हैं. 
श्रीकर्ण में लोलकबिंदी धराये जाते हैं. 
आज कमल एवं कली की मालाजी धरायी जाती हैं.
श्वेत पुष्पों की रंग-बिरंगी थागवाली दो मालाजी धरायी जाती हैं. श्रीहस्त में कमलछड़ी, झीने लहरियाँ के वेणुजी एवं दो वेत्रजी (एक सोना का) धराये जाते हैं. 
पट केसरी व गोटी बाघ-बकरी की आती है.

Saturday, 29 July 2023

व्रज -अधिक श्रावण शुक्ल द्वादशी

व्रज -अधिक श्रावण शुक्ल द्वादशी
Sunday, 30 July 2023

पीली घटा

पीले धोती पटका एवं श्रीमस्तक पर छज्जेदार पाग पर सेहरा के शृंगार

राजभोग में काच का बंगला

शाम को चँवरी का मनोरथ

राजभोग दर्शन –

कीर्तन – (राग : मल्हार)

आज बने गिरिधारी दूलहे,
चंदन की तन खोर करें ।।
सकल सिंगार बने मोतीनके,
बिविध कुसुम की माला गरें ।।१।।
खासा को कटि बन्यो पिछोरा,
मोतीन सहेरो शीश धरें ।।
राते नयन बंक अनियारे,
चंचल खंजन मान हरें ।।२।।
ठाडे कमल फिराजत,
गावत कुंडल श्रमकण बिंदु परें ।।
सूरदास मदन मोहन मिल,
राधासों रति केलि करें ।।३।।

साज – श्रीजी में आज पीले मलमल की पिछवाई धरायी जाती है. गादी, तकिया एवं चरणचौकी पर पीली बिछावट की जाती है.

वस्त्र – आज श्रीजी को पीले मलमल की धोती एवं राजशाही पटका धराया गया है. ठाड़े वस्त्र भी पीले रंग के धराये जाते हैं.

श्रृंगार - प्रभु को आज वनमाला का भारी श्रृंगार धराया जाता है.
 सोना के सर्वआभरण धराये जाते हैं. श्रीमस्तक पर पीले रंग की छज्जेदार पाग के ऊपर सोना का सेहरा, बायीं ओर शीशफूल एवं दायीं ओर सोना की चोटी धरायी जाती है.
 श्रीकर्ण में सोना के मकराकृति कुंडल धराये जाते हैं.
 पीले पुष्पों की दो सुन्दर मालाजी एवम् कमल माला धरायी जाती हैं.
 श्रीहस्त में स्वर्ण के वेणुजी एवं दो वेत्रजी धराये जाते हैं. पट पीला व गोटी सोने की आती है.

Friday, 28 July 2023

व्रज – अधिक श्रावण शुक्ल एकादशी

व्रज – अधिक श्रावण शुक्ल एकादशी
Saturday, 29 July 2023

मुकुट काछनी का श्रृंगार

आज के मनोरथ-

राजभोग में दान मांगत कुँवर कन्हाई

शाम को अरे तुम कौन होरी वन में फुलवा बीनत हारी

आज श्रीजी को पतंगी मलमल की काछनी, पीतांबर एवं श्रीमस्तक पर हीरा का मुकुट का श्रृंगार धराया जायेगा.

राजभोग दर्शन –

कीर्तन – (राग : सारंग)

कृपा अवलोकनि दान दै री महादानी श्रीवृषभान कुमारी l
त्रिषित लोचन चकोर मेरे तुव वदन इंदु किरन पान दैरी ll 1 ll
सबविधि सुधर सुजान सुन्दरि सुनि विनति तू कान दैरी l
‘गोविंद’ प्रभु पिय चरण परस कह्यौ याचक को तू मान दैरी ll 2 ll

साज – आज श्रीजी में श्री गोवर्धन शिखर, सांकरी खोर, गौरस बेचने जाती गोपियों एवं श्री ठाकुरजी एवं बलरामजी मल्लकाछ-टिपारा धराये भुजदंड से मटकी फोड़ने के लिए श्रीहस्त की छड़ी ऊंची कर रहे हैं एवं मटकी में से गौरस छलक रहा है ऐसे सुन्दर चित्रांकन वाली दानलीला की पिछवाई धरायी जाती है. गादी, तकिया एवं चरणचौकी पर सफेद रंग की बिछावट की जाती है.

वस्त्र – श्रीजी को आज पतंगी रंग की मलमल का सूथन, काछनी एवं रास-पटका धराये जाते हैं. चोली नहीं धरायी जाती. 
सभी वस्त्र रुपहली ज़री की तुईलैस की किनारी से सुसज्जित होते हैं. ठाड़े वस्त्र सफेद जामदानी (चिकन) के धराये जाते हैं.

श्रृंगार – आज प्रभु को वनमाला (चरणारविन्द तक) का भारी श्रृंगार धराया जाता है. हीरा एवं जड़ाव सोने के सर्व आभरण धराये जाते हैं. 
श्रीमस्तक पर हीरा एवं स्वर्ण का जड़ाऊ मीनाकारी वाला मुकुट एवं बायीं ओर शीशफूल धराया जाता है. श्रीकर्ण में हीरा के मयूराकृति कुंडल धराये जाते हैं. 
कस्तूरी कली एवं कमल माला धराई जाती हैं.
पीले एवं श्वेत पुष्पों की रंग-बिरंगी थागवाली दो सुन्दर मालाजी धरायी जाती है. 
श्रीहस्त में कमलछड़ी, लहरियाँ के वेणुजी दो वेत्रजी धराये जाते हैं.
पट पतंगी व गोटी चाँदी की आती है.

Thursday, 27 July 2023

व्रज -श्रावण शुक्ल दशमी

व्रज -श्रावण शुक्ल दशमी
Friday, 28 July 2023

फ़िरोज़ी मलमल का पिछोड़ा एवं श्रीमस्तक पर गोल पाग पर गोल चंद्रिका के  श्रृंगार

आज के मनोरथ-

राजभोग में कमल की मंडली

शाम को ब्रज कमल

आज श्रीजी को फ़िरोज़ी मलमल का पिछोड़ा एवं श्रीमस्तक पर गोल पाग पर गोल चंद्रिका का श्रृंगार धराया जायेगा.

राजभोग दर्शन – 

कीर्तन – (राग : मल्हार)

चल सखी देखन नंद किशोर l
श्रीराधाजु संग लीये बिहरत रुचिर कुंज घन सोर ll 1 ll
उमगी घटा चहुँ दिशतें बरखत है घनघोर l
तैसी लहलहातसों दामन पवन नचत अति जोर ll 2 ll
पीत वसन वनमाल श्याम के सारी सुरंग तनगोर l
जुग जुग केलि करो ‘परमानंद’ नैन सिरावत मोर ll 3 ll

साज – श्रीजी में आज फ़िरोज़ी मलमल पर सुनहरी ज़री की तुईलैस की किनारी से सुसज्जित पिछवाई धरायी जाती है. गादी और तकिया के ऊपर सफेद बिछावट की जाती है तथा स्वर्ण की रत्नजड़ित चरणचौकी के ऊपर हरी मखमल मढ़ी हुई होती है.

वस्त्र – श्रीजी को आज फ़िरोज़ी मलमल का रूपहरी किनारी का पिछोड़ा धराया जाता है. ठाड़े वस्त्र स्याम चुंदड़ी के होते हैं.

श्रृंगार – श्रीजी को आज छोटा (कमर तक) का हल्का श्रृंगार धराया जाता है. माणक के सर्वआभरण धराये जाते हैं. 
श्रीमस्तक पर फ़िरोज़ी गोल पाग के ऊपर सिरपैंच, सुनहरी लूम तथा गोल चंद्रिका एवं बायीं ओर शीशफूल धराया जाता है. श्रीकर्ण एक जोड़ी कर्णफूल धराये जाते हैं. 
 सफेद एवं पीले पुष्पों की दो मालाजी धरायी जाती हैं. 
श्रीहस्त में कमलछड़ी, लाल मीना के वेणुजी एवं एक वेत्रजी धराये जाते हैं.
पट फ़िरोज़ी व गोटी चाँदी की आती है. 

Wednesday, 26 July 2023

व्रज अधिक श्रावण शुक्ल नवमी

व्रज अधिक श्रावण शुक्ल नवमी
Thursday, 27 July 2023

केसरी घटा
                   
आज के मनोरथ-

राजभोग में केसरी घटा संग सोने का बंगला

शाम को सोने का हिंडोलना

अधिक मास में आज श्रीजी को केसरी पिछोड़ा केसरी घटा वत श्रृंगार धराया जायेगा

राजभोग दर्शन – 

कीर्तन – (राग : मल्हार)

कारे कारे बदरा देस देस ते उलरे श्याम बरन सब रुख भयो l
मनो हो मदन मिल्यो मदन मोहन सों करत ओट महा सघन तिमिर के बासन ननरो ll 1 ll
मोरन की सोर अति पिक को पपैया कुहूकात नुपूर धुन अलसे धूनतयो l
‘धोंधी’ के प्रभु बोली चली तहां जहाँ पातन की सेज करी पातन छयो ll 2 ll  

साज – श्रीजी में आज केसरी मलमल की पिछवाई धरायी जाती है. गादी, तकिया एवं चरणचौकी पर केसरी बिछावट की जाती है.

वस्त्र – श्रीजी को आज केसरी मलमल का पिछोड़ा धराया जाता है. ठाड़े वस्त्र केसरी रंग के धराये जाते हैं.

श्रृंगार – प्रभु को आज छोटा (कमर तक) छेड़ान का हल्का श्रृंगार धराया जाता है. स्वर्ण के सर्व आभरण धराये जाते हैं.
 श्रीमस्तक पर केसरी रंग के ग्वालपाग (पगा) के ऊपर मोती की लड़, सुनहरी चमक (जमाव) की चन्द्रिका एवं बायीं ओर शीशफूल धराये जाते हैं.
 श्रीकर्ण में लोलकबिंदी (लड़ वाले) कर्णफूल धराये जाते हैं.
 श्वेत एवं केसरी रंग के पुष्पों की सुन्दर थागवाली दो सुन्दर मालाजी धरायी जाती हैं.
 श्रीहस्त में स्वर्ण के वेणुजी एवं एक वेत्रजी धराये जाते हैं. 
पट केसरी व गोटी सोना की बाघ बकरी की आती है.

Tuesday, 25 July 2023

व्रज -अधिक श्रावण शुक्ल अष्टमी

व्रज -अधिक श्रावण शुक्ल अष्टमी
Wednesday, 26 July 2023

मुकुट-काछनी पर गाती के पटके का श्रृंगार

आज के मनोरथ-

राजभोग में इलायची की मंडली
शाम को माई फ़ुल को हिंडोरो बन्यों

राजभोग दर्शन –

कीर्तन – (राग : मल्हार)

माईरी श्यामधन तन दामिनी दमकत पीताम्बर फर हरे l
मुक्ता माल बगजाल कही न परत छबी विशाल मानिनीकी अरहरे ll 1 ll
मोर मुकुट इन्द्र धनुषसो सुभग सोहत मोहत मानिनी धुति थर हरे l
‘कृष्णजीवन’ प्रभु पुरंदरकी शोभा निधान मुरलिकाकी घोर घरहरे ll 2 ll

साज – आज श्रीजी में चुंदड़ी की पिछवाई धरायी जाती है. गादी, तकिया एवं चरणचौकी के ऊपर सफ़ेद बिछावट की जाती है तथा स्वर्ण की रत्नजड़ित चरणचौकी के ऊपर हरी मखमल मढ़ी हुई होती है.

वस्त्र – श्रीजी को आज लाल एकदानी चुंदड़ी का सूथन, काछनी एवं गाती का पटका धराया जाता है. ठाड़े वस्त्र श्वेत जामदानी (डोरिया) के होते हैं.

श्रृंगार – वनमाला (चरणारविन्द तक) का हरे मीना के आभरण धराये जाते हैं. श्रीमस्तक पर मुकुट एवं बायीं ओर शीशफूल धराये जाते हैं.

श्रीकर्ण में मयुराकृति कुंडल धराये जाते हैं. 
कली, कस्तूरी आदि सभी माला धरायी जाती हैं.
श्वेत एवं पीले पुष्पों की रंग-बिरंगी कलात्मक थागवाली दो मालाजी धरायी जाती हैं.

श्रीहस्त में कमलछड़ी, हरे मीना के वेणुजी एवं दो वेत्रजी धराये जाते हैं.
पट लाल व गोटी मीना की आती है.

व्रज - विस २०८३ कार्तिक शुक्ल चतुर्थीFriday, 13 November 2026

व्रज - विस २०८३ कार्तिक शुक्ल चतुर्थी Friday, 13 November 2026 हरी सलीदार ज़री के घेरदार वागा एवं श्रीमस्तक पर छज्जेदार पाग पर पर गोल चन्द्र...